: पूर्व संपादक पर लगा गबन का आरोप, थाने में मामला दर्ज : लुधियाना से सितम्बर महीने में लांच होने जा रहा राज्य स्तरीय समाचार पत्र 'पंजाब की शक्ति' में कुछ उलटफेर हुआ है. खबर है कि कंपनी के जीएम हरअमृत सिंह कहल ने संपादक प्रदीप ठाकुर के खिलाफ लाखों रुपये गबन का आरोप लगाते हुए थाना सराभा नगर में शिकायत दर्ज कराई है. कंपनी के एमडी राजेश शर्मा ने प्रदीप ठाकुर को बर्खास्त कर दिया है. प्रदीप ठाकुर की जगह नवीन गुप्ता को अखबार का संपादक बना दिया गया है. नवीन के नेतृत्व में ही अखबार की लांचिंग होगी.
गौरतलब है कि प्रदीप ठाकुर इससे पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में न्यूज एडिटर रह चुके हैं, लेकिन पिछले कुछ सालों से वह मीडिया हाउसों से दूर चल रहे थे. कुछ ही माह पहले उन्होंने पंजाब की शक्ति से अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की थी. आरोप के अनुसार प्रदीप ठाकुर की ओर से पंजाब के बहुत से जिलों में ब्यूरो चीफ व रिपोर्टर्स की नियुक्ति की गई थी. इन लोगों के मार्फत उन्होंने पंजाब की शक्ति की एडवांस बुकिंग की थी, जिसमें एक साल के ५०० रुपए प्रति आर्डर वसूल किए गए. इस तरह कुल १८ हजार कूपनों का प्रदीप ठाकुर कंपनी को हिसाब नहीं दे पाए, जब कि जालंधर आफिस खोलने के नाम पर एक लाख रुपए का हिसाब किताब नहीं दिया है.
नए बने संपादक श्री नवीन गुप्ता बहुत ही तेज तर्रार व्यक्तित्व के मालिक बताए जाते हैं. वे दैनिक भास्कर में न्यूज एडिटर के पद पर बखूबी सेवाएं दे चुके हैं. उनकी छवि पूरी तरह से बेदाग व एनर्जेटिक रही है. श्री गुप्ता ने पंजाब एवं चंडीगढ़ की कमान अपने हाथ में ले ली है. उक्त समाचार पत्र लुधियाना-चंडीगढ़ रोड पर जल्द ही प्रेस लगाने जा रहा है. इसके बाद पूरे पंजाब से हर जिले में एक-एक पुलआउट निकाला जाएगा.





