गढ़वा में रंका चेकनाका के निकट बुधवार की दोपहर करीब बारह बजे जेसीबी की चपेट में आने से क्षेत्रीय न्यूज चैनल के दो पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को गढ़वा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक चंदन कुमार की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। शैलेश कुमार का इलाज सदर अस्पताल में ही चल रहा है।
दोनों पत्रकार एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर न्यूज कवरेज के लिए रंका जा रहे थे। ये लोग जैसे ही रंका चेकनाका के पास पहुंचे, वहां पहले से खड़ा जेसीबी को उसका चालक स्टार्ट कर सड़क पर ले आया। अचानक जेसीबी के सड़क पर आने से पत्रकार घबरा गए तथा उनके मोटरसाइकिल की टक्कर जेसीबी से हो गई।





