जीएनएन न्यूज से खबर है कि वरिष्ठ पत्रकार और चैनल हेड अनंत मित्तल ने इस्तीफा दे दिया है. कुछ महीने पहले ही उन्होंने चैनल ज्वाइन किया था. अपने अलहदा पत्रकारीय अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले अनंत मित्तल को जीएनएन की पारी रास नहीं आई. तीन दशक से पत्रकारिता में सक्रिय अनंत मित्तल ने करियर की शुरुआत 1980 में स्वतंत्र भारत से की थी. इसके बाद वे टाइम्स ऑफ इंडिया से जुड़े. इसके बाद नवभारत टाइम्स, पंजाब केसरी, न्यूज एजेंसी भाषा, जनसत्ता, आउटलुक, करियर 360, दैनिक भास्कर के रेडिया माई एफएम जैसे संस्थानों के साथ वरिष्ठ पदों पर जुड़े रहे.
प्रिंट, रेडियो और इलेक्ट्रानिक तीनों माध्यमों की गहरी समझ रखने वाले अनंत मित्तल की पत्नी इरा झा भी देश की जानी मानी पत्रकार हैं. अनंत के तमाम लेख अखबारों एवं पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहते हैं. अनंत मित्तल ने अपने इस्तीफा देने की पुष्टि की. उनकी भावी योजनाएं क्या हैं इसका खुलासा करने से उन्होंने इनकार कर दिया. लेकिन समझा जा रहा है कि वे एक बार फिर अध्यापन और फ्रीलांसिंग के काम में जुटेंगे.






