पूर्वांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष हरीश सिंह ने क्लब के कुछ पदाधिकारियों तथा सदस्यों द्वारा संविधान के खिलाफ किये जा रहे क्रियाकलापों से झुब्ध होकर गुरुवार की शाम कमेटी को भंग कर दिया. यह जानकारी प्रेस क्लब के संस्थापक/संरक्षक श्री हरीन्द्रनाथ उपाध्याय को देते हुए कहा कि प्रेस क्लब की स्थापना एक स्वस्थ उद्देश्य के तहत हुयी थी न कि निजी स्वार्थ को संरक्षण देने के लिए.
उन्होंने कहा कि समाज के प्रति पत्रकारों की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है, एक पत्रकार समाज और सरकार के बीच सेतु का काम करता है. उसकी लेखनी पर समाज का एक बड़ा वर्ग आँख मूंदकर विश्वास करता है, पर कुछ लोग स्व निहित स्वार्थ के वशीभूत होकर समाज के साथ विश्वासघात कर रहे हैं. हमारा उद्येश्य समाज को दिग्भ्रमित करना, समाज में विध्वंस करना नहीं बल्कि एक स्वस्थ समाज की स्थापना में सहयोग करना है. जाति-धर्म के नाम पर बंट रहे समाज में जागरूकता पैदा करना है. संस्था का उद्देश्य ऐसे कार्य करना है, जिससे समाज की कुरीतियां दूर हो, समाज को अपने हक़ के प्रति जागरूक कर शिक्षा का प्रचार-प्रसार करना है, किन्तु कुछ लोग अपने दायित्यो का सही निर्वहन नहीं कर रहे हैं. आगामी रविवार को एक बैठक कर नई कमेटी का गठन किया जायेगा.





