गुवाहाटी। असम में एक किशोरी के साथ नौ जुलाई को हुई छेड़छाड़ की घटना के सिलसिले में शुक्रवार को टेलीविजन पत्रकार गौरव ज्योति नियोग का गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। समाचार चैनल न्यूज लाइव के लिए काम करने वाले संवाददाता नियोग पर पब के बाहर किशोरी के कपड़े फाड़ने के लिए भीड़ को उकसाने का आरोप है। घटना की जांच किए जाने की घोषणा के बाद नियोग ने रविवार को इस्तीफा दे दिया था।
विशेष जांच दल का नेतृत्व कर रहे अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रंजन भूइयां ने बताया कि नियोग को गिरफ्तार कर लिया गया है। शहर के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस आयुक्त ए. पी. तिवारी ने बताया कि नियोग को तीन विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। इनमें अश्लील कार्रवाई और गाने, किसी महिला के सम्मान का अपमान करने के मकसद से की गई गतिविधि शामिल है। नियोग ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत की शरण ली थी और उसने अंतरिम जमानत के लिए गुवाहाटी उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया। (एजेंसी)





