भदोही नगर के एक प्राथमिक विद्यालय में अपनी बहादुरी के चलते एक मीडियाकर्मी ने भीषण दुर्घटना होने से बचा लिया, उसकी बहादुरी से प्रभावित होकर नगर के समाजसेवी इश्तियाक डायर ने उसका सम्मान किया. हुआ यूँ कि नगर के मशाल रोड स्थित पीरखानपुर प्राथमिक विद्यालय में खाना बनाया जा रहा था, तभी सिलेंडर से निकली पाईप में आग लग गयी. आग का रुख सिलेंडर की तरफ होता देख रसोइयाँ भाग निकला. साथ ही अध्यापकों और बच्चों में भी भगदड़ मच गयी.
इसी दौरान वहां हिंदुस्तान अख़बार का प्रेस छायाकार चन्द्र बालक राय पहुँच गया, उसने भगदड़ मची देखी तो कारण जानना चाहा. उसकी जगह यदि कोई और छायाकार होता तो शायद फोटोग्राफी और खबर से मतलब रखता, परन्तु वह जान की बाजी लगाकर रसोई में पहुँच गया. गैस की पाईप से आग के फौव्वारे निकल रहे थे, उसने तुरंत हिम्मत कर आग बुझाई और सिलेंडर को पानी में डाल दिया, तब जाकर अध्यापकों और बच्चों ने राहत की साँस ली.
यह खबर जब समाजसेवी इश्तियाक डायर को मिली तो उन्होंने प्रेस छायाकार का माल्यार्पण कर तथा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. यदि आग नहीं बुझाई जाती तो बच्चों की किताब कापियां तथा मिड डे मिल का अनाज खाक में तब्दील हो जाता. साथ ही बड़ी दुर्घटना भी घट सकती थी क्योंकि विद्यालय नगर की सघन बस्ती में बना हुआ है. प्रेस छायाकार के इस हौसले को देखकर पूर्वांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष हरीश सिंह, समसुद्दीन वारसी, सर्वेश राय, पंकज उपाध्याय, नैरंग आलम खान सहित सपा नेता अयूब खान ने भी सम्मानित किया.





