ऋषिकेश : पांच माह से लापता 28 वर्षीय विदेशी पत्रकार का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। लापता युवक की तलाश में उसके परिजन इन दिनों ऋषिकेश की खाक छान रहे हैं। उल्लेखनीय है कि आयरलैंड निवासी 28 वर्षीय पत्रकार जौनाथन लियोनार्ड स्पोलन ऋषिकेश से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। उसका बैग, पासपोर्ट व कुछ सामान पुलिस ने गरुड़चट्टी झरने के पास से 12 फरवरी को बरामद किया था।
लक्ष्मणझूला पुलिस ने एक मार्च को विदेशी पत्रकार की गुमशुदगी दर्ज की थी। लगातार खोजबीन के बाद भी विदेशी युवक का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। वहीं जौनाथन लियोनार्ड के परिजनों ने भी उसकी तलाश में भारत आए हैं। इन दिनों जौनाथन की बहन लेज व उनकी एक अन्य सहयोगी जौनाथन की तलाश में ऋषिकेश की खाक छान रहे हैं। लेज ने बताया कि जौनाथन 31 नवंबर 2011 को भारत भ्रमण पर आया था। जिसके बाद लगातार उसका घर से संपर्क होता रहा। जौनाथन ने एक फरवरी 2012 को अंतिम बार घर पर फोन कर अपनी कुशलक्षेम बताई थी। मगर, इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। लेन का कहना है कि जौनाथन के लापता होने के बाद से उनकी मां परेशान हैं। उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह जरूर घर वापस आएगा। लेज ने बताया कि वह ऋषिकेश समेत, गढ़वाल मंडल के तमाम छोटे-बड़े शहरों में उसकी तलाश कर चुके हैं। उधर, लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक लापता जौनाथन की गुमशुदगी के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं। फिलहाल पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है। साभार : जागरण





