काइरो। मिस्र में बुर्का पहने महिलाएं इन दिनों एक टीवी न्यूज चैनल का संचालन कर रही हैं। बृहस्पतिवार से शुरू हुए मारिया टीवी चैनल की खासियत यह है कि इसमें सिर्फ महिलाएं काम कर रही हैं। इस चैनल के किसी भी कार्यक्रम और बतौर स्टाफ पुरुषों के काम करने पर पाबंदी है। यहां तक की फोन पर भी वह बात नहीं कर सकते। मारिया देश का ऐसा पहला सैटेलाइट न्यूज चैनल है, जहां महिलाएं बुर्का पहनकर समाचार प्रस्तुत करती हैं।
यहां तक की कैमरे के पीछे भी वह सिर से लेकर पाव तक काले लिबास में लिपटी रहती हैं। ये महिलाएं धार्मिक नियमों का पालन करते हुए अपने लिए नई राह बना रही हैं। इस देश में महिलाओं के साथ हर क्षेत्र में भेदभाव होता रहा है। वह चाहे नौकरी का क्षेत्र हो या फिर शिक्षा का। पिछले साल राष्ट्रपति होस्नी मुबारक को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए हुए जनांदोलन के बाद इस चैनल की शुरुआत को सामाजिक परिवर्तन के तौर पर देखा जा रहा है। चैनल का नाम पैगंबर मोहम्मद की बेगम मारिया के नाम पर रखा गया।
चैनल प्रमुख एल-शेखा-सफा रेफाई का कहना है कि मुबारक के जाने के बाद देश ने काफी तरक्की की है। यह चैनल उसी का उदाहरण है। वह बताती हैं कि जब हमने चैनल को शुरू करने की योजना बनाई तो लोगों ने कहा कि यह चलेगा नहीं क्योंकि नकाब पहनकर समाचार पढ़ने से चेहरे के हाव-भाव समझ में नहीं आते हैं। पर रेफाई का दावा है आवाज की कशिश भावनाओं को बया कर देती है। उन्होंने कहा, हम यह साबित करना चाहते हैं कि बुर्के में काम करने के बावजूद महिलाएं सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकती हैं। साभार : जागरण





