सहारा ग्रुप न्यूयार्क के प्रतिष्ठित प्लाजा होटल में मालिकाना हिस्सेदारी 57 करोड़ डॉलर में खरीदने पर राजी हो गया है। इजरायल की अचल संपत्ति क्षेत्र की कंपनी एलाद प्रापर्टीज के मुताबिक प्लाजा होटल 105 साल पुराना लक्जरी होटल है और यह न्यूयार्क के सेन्ट्रल पार्क के पास है। होटल का मालिकाना हक फिलहाल एलाद प्रापर्टीज और सउदी कंपनी किंगड़ा होल्डिंग्स कंपनी के पास संयुक्त रुप से है। एलाद पर इजरायल के कारोबार यितझाक शुवा का नियंत्रण है।
कंपनी को इस सौदे में उसकी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 1.6 अरब सिकेल्स प्राप्त होंगे जबकि शेष राशि सउदी कंपनी किंगड़ा को मिलेगी। सउदी कंपनी किंगड़ा सउदी अरबपति राजकुमार अलवालीद बिन तलाल की निवेश इकाई है। यह सौदा पूरा हो जाने पर उसके पास होटल में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी। एलाद की तरफ से बताया गया कि सउदी राजकुमार के स्वामित्व वाली फेयरमोंट होटल्स ऐंड रिसरेट्स इंक 1999 से होटल का रखरखाव कर रही है।
सउदी कंपनी ही होटल का आगे भी परिचालन करती रहेगी। शुवा ने आठ साल पहले होटल को 67 करोड 50 लाख डॉलर में खरीदा था। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एलाद नवीकृत होटल में लक्जरी अपार्टमेंट 1.5 अरब डॉलर में बेचे थे। अपार्टमेंटों की बिक्री से ही एलाद समूह को 50 करोड़ डॉलर का फायदा हुआ था। (एजेंसी)