सूचना है कि मुकेश कुमार की न्यूज एक्सप्रेस से विदाई के बाद उनके कार्यकाल के दौरान कार्यरत रहे कई बड़े पत्रकार प्रोटेस्ट लीव पर चल रहे हैं. ये लोग कई सप्ताह से आफिस नहीं जा रहे हैं. प्रभात शुंगलू, आशीष मिश्रा, सुमंत भट्टाचार्या, सुभाष कदम समेत कई लोगों का आफिस न आना चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रबंधन इन लोगों से संपर्क में है. देखना है कि ये लोग इस्तीफा देते हैं या फिर चैनल में काम पर वापस आते हैं.
इस बीच सूत्रों का कहना है कि मुकेश कुमार के बेहद करीबी रहे पंकज शुक्ला का प्रबंधन ने तबादला अगरतला कर दिया. शुरू में उन्होंने पारिवारिक दिक्कतों का हवाला देकर ट्रांसफर रुकवाने की कोशिश की लेकिन ऐसा संभव न हो सका. इस बीच, बताया जाता है कि मुकेश कुमार पुणे में जाकर छह महीने की एडवांस सेलरी लेकर चुपचाप इस्तीफा देकर चले आए. यह भी कहा जा रहा है कि आर्थिक गड़बड़ियों को लेकर उन पर आरोपों के बारे में प्रबंधन ने उनसे बात की और इस्तीफा देने को कह दिया था. आखिर में बात छह महीने की सेलरी एडवांस में देने पर फाइनल हुई.
मुकेश कुमार के कंधे से कंधा मिलाकर खड़े वरिष्ठ पत्रकारों को जब छह महीने की एडवांस सेलरी मिलने पर मुकेश द्वारा इस्तीफा देने की जानकारी लगी तो ये लोग ठगे से रह गए. सूत्रों का कहना है कि प्रबंधन इन लोगों को तीन महीने की सेलरी दे रहा है पर ये लोग भी छह महीने की सेलरी मांग रहे हैं. इस बीच निशांत चतुर्वेदी के नेतृत्व में नई टीम ने चैनल में काम शुरू कर दिया है. ओवरस्टाफ और कास्टकटिंग का दौर शुरू किया जा रहा है ताकि फालतू के खर्चों से चैनल को मुक्त किया जा सके. रजत अमरनाथ ने वरिष्ठ पद पर न्यूज एक्सप्रेस में वापसी कर ली है. रजत अमरनाथ मुकेश कुमार के समय टीम के हिस्सा थे लेकिन कुछ ही महीनों बाद आंतरिक मतभेद की वजह से उन्हें चैनल को छोड़ना पड़ा था. उधर, मुकेश कुमार ने अपने उपर लगे आर्थिक घपले के आरोपों से इनकार किया है.





