महुआ न्यूज़, झारखण्ड के स्ट्रिंगरों के हड़ताल पर जाने की सूचना है. प्रबंधन द्वारा पिछले १० माह से वेतन न दिए जाने से नाराज झारखण्ड के स्ट्रिंगरो ने रांची कार्यालय में धरने पर बैठने और काम न करने का निर्णय लिया है. महुआ न्यूज़ के मालिक पीके तिवारी के जेल चले जाने के बाद महुआ न्यूज़ की हालत पतली हो गयी है और झारखण्ड के स्ट्रिंगरो के पैसे कौन देगा, इसका जबाब न तो प्रबंधन के पास है, न ही महुआ न्यूज़ में काम कर रहे कार्यालय में बैठे बड़े अधिकारियों के पास.
झारखण्ड के स्ट्रिंगरो में इस बात को भी लेकर नाराजगी है कि उनके वेतन को रोक कर बिहार के स्ट्रिंगरों को दो महीने का वेतन दिया गया जबकि झारखण्ड के स्ट्रिंगरों का वेतन १० महीने से रोक कर रखा गया है. इससे पहले भी महुआ न्यूज़लाइन के कर्मचारियों ने नोएडा कार्यालय में धरना देकर अपनी मांगें मंनवाई थी और बकाया वेतन लिया था. अब इसी तर्ज पर झारखण्ड के स्ट्रिंगरो ने भी प्रबंधन से आरपार की लड़ाई लड़ने की ठानी है. इस बाबत कुछ दिन पहले स्ट्रिंगरों ने अपनी हालत से संबंधित एक पत्र झारखंड के ब्यूरो हेड अरविंद पांडे को लिखा. नोएडा आफिस के वरिष्ठों का भी ध्यान आकर्षित किया गया है. पर किसी की तरफ से कोई रिस्पांस नहीं है. ऐसे में स्ट्रिंगरों ने हड़ताल की तैयारी कर ली है.





