मतंग सिंह और कमला सिंह पर आरोप है कि इन लोगों ने अपने मीडिया ग्रुप के कर्मियों का पीएफ पी लिया है. इनकी कंपनी पाजिटिव मीडिया ग्रुप के दो चैनलों फोकस टीवी और हमार टीवी का प्रसारण बंद होने के बाद यहां कार्यरत कर्मियों को बकाया चार महीने की सेलरी का चेक मिला था. लेकिन लोगों के चेक बाउंस हो गए. अभी तक पीएफ का भुगतान नहीं किया गया है. कहा जा रहा है कि प्रबंधन पीएफ के नाम पर काटे गए पैसे को डकार गया है.
फोकस व हमार टीवी पर 20 अप्रैल 2012 के बाद से किसी तरह का कोई प्रसारण नहीं हो रहा है. ग्रुप से करीब 70 लोगों ने इस्तीफा दिया. इन्हें पीछे से बकाया चार महीने की सेलरी दी गई और पीएफ देने आश्वासन दिया गया था. पर सेलरी चेक बाउंस हो गए और पीएफ मिलने के आसार नहीं हैं. जो लोग अब भी संस्थान के साथ हैं, उन्हें एक महीने की सेलरी दी गई लेकिन ये चेक भी बाउंस हो गए. चैनलों के मैनेजिंग डायरेक्टर कमला प्रसाद का कहना है कि वे लोग समस्या का हल तलाशने में जुटे हैं. अगर वे लोग चैनल नहीं चला पाए तो कर्मचारियों को फोर्स लीव पर भेज देंगे.





