लखनऊ : चलती ट्रेन में एक युवती के साथ छेड़खानी के आरोप में लखनऊ में सोमवार को गिरफ्तार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने निलंबित कर दिया है. उत्तर प्रदेश में विशेष सचिव (तकनीकी शिक्षा) के पद पर तैनात आईएएस शशिभूषण लाल के खिलाफ राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), लखनऊ ने छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
लाल पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली से लखनऊ के सफर के दौरान देर रात लखनऊ मेल ट्रेन की वातानुकूलित बोगी में युवती के साथ छेड़छाड़ की. ट्रेन के सोमवार सुबह लखनऊ स्टेशन पर पहुंचने के बाद युवती ने तत्काल जीआरपी थाने में जाकर इसकी शिकायत की जिसके बाद लाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. जीआरपी ने युवती को मीडिया से बात नहीं करने दी. पुलिसकर्मियों के घेरे में उसे गाड़ी में बिठाकर उसके घर भेज दिया गया.
जीआरपी युवती के बारे में कोई जानकारी देने से साफ इन्कार कर रही है. मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने न सिर्फ आरोपी आईएएस अधिकारी को निलंबित कर दिया बल्कि लखनऊ जीआरपी के प्रभारी अनिल राय को भी हटाने के आदेश दिए. राय पर आरोप है कि उन्होंने पीड़ित युवती पर मामले को आपस में सुलझाने का दबाव बनाया और बाद में बात न बनने पर केवल हल्की धाराओं (छेड़छाड़ और बदसलूकी) में मुकदमा दर्ज किया. मामले में जीआरपी के रवैये पर मुख्यमंत्री द्वारा नाराजगी जताए जाने के बाद अब आरोपी आईएएस के खिलाफ बलात्कार की कोशिश का भी मुकदमा दर्ज किया गया है.
इसे भी पढ़ें…
जब आईएएस ज्ञानेश्वर पैंट खोल सकते हैं तो आईएएस शशि भूषण छेड़खानी क्यों नहीं कर सकते!





