: दैनिक जागरण के चलते गजेंद्र सिंह को दिल का दौरा : मुम्बई से पुलिस ने किया गिरफ्तार गजेंद्र को : सोमवार को कानपुर की अदालत में पुलिस पेश करेगी गजेंद्र को : छोटे पर्दे के महशूर निर्माता निर्देशक गजेंद्र सिंह की यह गत बनाने से फिल्मकारों में रोष : मुम्बई: भड़ास4मीडिया डाट काम वेबसाइट के संस्थापक यशवंत सिंह और संपादक अनिल सिंह पर फर्जी मुकदमें दर्ज कराकर जेल की हवा खिलवाने वाले दैनिक जागरण समूह ने अब यूपी पुलिस का फिर बेजा इस्तेमाल करते हुए छोटे पर्दे से जुड़े नामचीन शख्स गजेंद्र सिंह को गिरफ्तार करा दिया है। दैनिक जागरण ने 30 लाख रुपये के लेनदेन के एक मामले में छोटे पर्दे के मशहूर इवेंटकार गजेंद्र सिंह को हवालात की हवा खिला दी।
दैनिक जागरण के इस मामले में गजेंद्र सिंह को यूपी पुलिस ने मुम्बई में जाकर पकड़ा। छोटे पर्दे पर मनोरंजन के इस बेताज बादशाह गजेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के फौरन बाद ही गजेंद्र सिंह को दिल का दौरा पड़ गया। खबर है कि गजेंद्र फिलहाल अस्पताल में हैं। पुलिस कस्टडी में घिरे गजेंद्र सिंह की घटना सुनकर मुम्बई में छोटे पर्दे की दुनिया समेत समेत फिल्मकारों में भारी रोष व्याप्त हो गया है। बड़ी
संख्या में फिल्म और टीवी दुनिया से जुड़े लोग गजेंद्र सिंह की कुशल-क्षेम जानने के लिए बेहाल हैं। यह भी है कि गजेंद्र को यूपी पुलिस कानपुर की अदालत में पेश करेगी।
मूलत: आजमगढ के रहने वाले गजेंद्र सिंह ने दो दशक पहले मुम्बई से अपने करियर की शुरुआत की थी। मशहूर सरेगामा कार्यक्रम को बनाने के बाद वे ऊंचाइयों तक पहुंचे। बाद में उन्होंने साईंबाबा टेलीफिल्म्स नामक अपनी खुद की कम्पनी शुरू की। फिलहाल वे सहारा और कलर्स चैनल में चल रहे सुर क्षेत्र कार्यक्रम के माध्यम से पाकिस्तान और भारत के बीच आत्मीयता और विश्वास जमाने में जुटे हैं। साथ ही इसी तर्ज पर शुरू वायस आफ इंडिया कार्यक्रम भी चला रहे हैं। वायस आफ इंडिया के लिए गजेंद्र सिंह ने दैनिक जागरण समूह की इवेंट कंपनी जागरण सोल्यूशंस के साथ करार कर रखा है जिसमें वे कार्यक्रम आयोजित करने सम्बन्धी सभी इंवेंट प्रबंधन का काम कर रहे हैं। वायस आफ इंडिया कार्यक्रम आयोजित करने के लिए इंवेंट आदि का ठेका गजेंद्र सिंह ने जागरण सोल्यूशंस को दे रखा है।
खबर है कि इस इवेंट की गड़बडि़यों को लेकर गजेंद्र सिंह की साईंबाबा टेलीफिल्म्स प्रबंधकों की तनातनी जागरण सोल्यूशंस के साथ शुरू हो गयी थी। साईंबाबा टेलीफिल्म्स प्रबंधकों ने पाया था कि इवेंट का आयोजन करार के मुताबिक नहीं था। इतना ही नहीं, इस करार के बीच जो शर्तें थीं, उन पर भी जागरण सोल्यूशंस खरा नहीं उतर पाया। साईंबाबा प्रबंधकों का कहना है कि इस पूरे दौरान जागरण सोल्यूशंस ने एक करार को तरीके से पूरा नहीं किया। पूरे दौरान अराजकता का माहौल रहा और आपाधापी बनी रही।
साईंबाबा सूत्रों के मुताबिक जागरण सोल्यूशंस को लगातार जानकारियां दी गयीं और बाद में चेतावनी भी दी गयी कि अगर जागरण सोल्यूशंस ने करार को तरीके से पूरा नहीं किया तो उनके भुगतान में दिक्कत आ सकती है क्योंकि इस करार का उल्लंघन होने पर यह आयोजन पूरा कराने के लिए बाहर से प्रबंधकों की सेवाएं लेने पर मजबूर होंगे। लेकिन जागरण सोल्यूशंस ने हर बार केवल आश्वासन ही दिया और बाद में जब मामला गड़बड़ हो गया तो वे लोग साईंबाबा टेलीफिल्मस प्रबंधकों को धमकी देने लगे कि हम बड़े ग्रुप हैं और जब भी चाहें, कुछ भी करा देंगे।
बताते हैं कि ऐसी धमकियों से बेधड़क साईंबाबा प्रबंधकों ने जब जागरण सोल्यूशंस का काम घटिया पाया तो उन्होंने 30 लाख रूपये की कटौती जागरण सोल्यूशंस के बिल से करा दी। बताते हैं कि इससे जागरण सोल्यूशंस के प्रबंधक भड़क गये। साईंबाबा टेलीफिल्म्स को नोटिस भेजी गयी और आखिरकार कानपुर की अदालत से सीधे गजेंद्र सिंह की गिरफ्तारी का आदेश जारी करा के यूपी पुलिस का एक दस्ता मुम्बई पहुंच गया जहां उन्हें दबोच लिया गया। खबर है कि गजेंद्र सिंह को कल सोमवार को कानपुर की अदालत में पेश किया जाएगा। गजेंद्र सिंह की लोकप्रियता को देखते हुए कानपुर में कड़ी सुरक्षा बंदोबस्त किये जाने के लिए भी तैयारी चल रही हैं।





