मंडी (हिमाचल प्रदेश) : जिला सहायक चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम मंडी राजेश कुमार ने बुधवार को मंडी के दो चैनलों के मालिकों व सदर से भाजपा प्रत्याशी दुर्गा दत्त को बिना चुनाव आयोग की अनुमति के विज्ञापन प्रसारित करवाने पर नोटिस जारी कर 24 घंटे जवाब मांगा है। बताया कि दो चैनल मालिकों व भाजपा प्रत्याशी डीडी ठाकुर ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है जिसके चलते उनकी शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई है।
राजेश कुमार ने बताया कि मंडी नगर परिषद क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा के लगे होर्डिंग भी हटाए हैं। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे के आसपास लगे पोस्टर व बैनर भी हटा दिए गए हैं तथा सभी राजनीतिक दलों का हिदायत दी है कि वे चुनाव आयोग की निर्धारित शर्तों का पालन करें अन्यथा चुनाव आयोग सख्त कार्रवाई करेगा। जिला चुनाव अधिकारी देवेश कुमार ने भी सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया है तथा कहा कि चुनाव आयोग की शर्तो पालन करें, ताकि चुनाव आचार संहिता का उल्लघंन न हो सके।





