दैनिक जागरण, कानपुर में पत्रकारों का एक शपथपत्र पर जबरन हस्ताक्षर कराने के बाद प्रबंधन यह कुकृत्य अन्य आफिसों में कराने लगा है. पानीपत से होते हुए आंधी नोएडा व अन्य कई सेंटरों तक पहुंच चुकी है. मजेदार यह है कि दूसरों की आवाज जोरशोर से उठाने का दम भरने वाले दैनिक जागरण के पत्रकारों में से कोई भी ऐसा नहीं निकला जिसने प्रबंधन की इस हरकत का खुलेआम विरोध करते हुए इस्तीफा दिया हो.
हां, सूचना यह जरूर है कि कुछ लोग मजीठिया वेज बोर्ड को लागू करने का निर्देश देने वाली अदालत के जज से मिलने का प्रयास कर रहे हैं ताकि उन्हें दैनिक जागरण प्रबंधन की हरकत से परिचित कराया जा सका. इसके लिए कुछ पत्रकारों का दल न्यायाधीश से मिलने की तैयारी में है. इस दल में कुछ पत्रकार दैनिक जागरण के भी हैं. ज्ञात हो कि दैनिक जागरण प्रबंधन अपने आफिसों में वेजबोर्ड की सिफारिशों के हिसाब से सेलरी देने की जगह काम करने वालों से यह लिखवाकर शपथपत्र पर हस्ताक्षर करा रहा है कि हम लोगों को दैनिक जागरण प्रबंधन से कोई परेशानी नहीं है और जितनी भी सेलरी मिल रही है बिलकुल ठीक है, इससे अलग कुछ भी नहीं चाहिए.





