सहरसा : बिहार में दैनिक जागरण के एक पत्रकार को अपराधियों द्वारा गोली मार दिए जाने की खबर है. विज्ञापन के दम पर सुशासन का ढोल पीटने वाले दैनिक जागरण के पत्रकार को खुद 'कुशासन' का सामना करना पड़ा है. दैनिक जागरण' से जुड़े बनमा ईटहरी के पत्रकार राकेश रंजन को शुक्रवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने गोली मारकर जख्मी कर दिया.
पत्रकार की स्थिति गंभीर बनीं हुई है जिसे सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया है. एसपी, एसडीपीओ सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर अपराधियों की धड़-पकड़ के लिये छापेमारी शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार मुरली के समीप एक टेम्पो दुर्घटना की खबर को संकलित कर सिमरीबख्तियारपुर की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे पत्रकार राकेश रंजन को एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने गोली मार दी. गोली पीछे से चलाई गई जो उनके कमर के समीप लगी. दूसरी गोली भी चलाई गई परंतु वह गोली नहीं लगी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों द्वारा पत्रकार के ऊपर तीन-चार राउंड गोली चलाई गई है. स्थानीय लोगों द्वारा घायल पत्रकार को सोनवर्षा अस्पताल लाया गया जहां स्थिति गंभीर होने पर उन्हें सहरसा रेफर कर दिया गया. बाद में सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने भी घायल पत्रकार को पटना रेफर कर दिया है.
आयुष कुमार की रिपोर्ट





