इन्दौर। संवादनगर एक्सटेंशन की सदस्य श्रीमती इंदिरा राठौर ने मांग की है कि संवादनगर में धोखाधड़ी करके पत्रकारों के प्लाट गैर पत्रकारों को बांटने के आरोपी सतीश जोशी को गिरफ्तार किया जाए। उल्लेखनीय है कि सहकारिता विभाग ने अपनी जांच में यह पाया है कि सदस्यों के पास जो रसीदें हैं उन रसीदों के नंबर रिकार्ड में मौजूद रसीदों से मेल नहीं खा रहे हैं, इसका मतलब यह है कि अलग-अलग रसीद कट्टों का इस्तेमाल किया गया।
श्रीमती राठौर ने कहा कि उन्होंने साप्ताहिक मोनो के माध्यम से अपना प्लाट बुक कराया था और इस पर 30 हजार से अधिक की राशि जमा करने के बाद भी उन्हें प्लाट नहीं मिला और संस्था के रिकार्ड में भी राशि का घोटाला पाया गया है। सतीश जोशी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाना चाहिए इस मामले में खजराना पुलिस द्वारा सदस्यों के बयान भी लिए गए हैं। श्रीमती राठौर ने कहा कि सतीश जोशी द्वारा पत्रकारों की इस कालोनी में 199 फर्जी सदस्यों को रजिस्ट्री करके लाखों रुपया कमाया गया है और इस प्रकार एक भी पत्रकारों को प्लाट नहीं दिया गया। यही नहीं इस संस्था में एक ही परिवार के लोगों को प्लाट आबंटित कर दिए गए ऐसे 18 प्लाटों को निरस्त करने की कार्रवाई भी सहकारिता विभाग कर रहा है।
इंदौर से अर्जुन राठौर की रिपोर्ट.






