मुंबई के कुछ तटस्थ क्राइम रिपोर्टरों की बातों पर भरोसा करें तो एशियन एज की महिला पत्रकार जिगना वोरा ने जेडे की हत्या के इरादे से कोई सूचना पास नहीं की. उससे घुमा-फिरा कर अनजाने में जानकारी ले ली गई. उसकी जगह कोई और भी होता तो वो भी वही करता जो जिगना ने किया. सूत्रों के मुताबिक छोटा राजन से जुड़ा एक शख्स जिगना वोरा का सूत्र था. इस सूत्र के जरिए जिगना को कई खबरें मिला करती थीं.
क्राइम रिपोर्टिंग में ऐसा अक्सर होता है कि जो शख्स किसी पत्रकार का मुखबिर होता है वही अंडरवर्ल्ड का भी मुखबिर होता है और पुलिस का भी कई बार सोर्स बन जाया करता है. क्राइम रिपोर्टर ऐसे सोर्सेज से संबंध बनाकर रखते हैं क्योंकि कई बार अंदरखाने की बहुत बड़ी सूचनाएं मिल जाया करती हैं. इसी क्रम में जिगना वोरा का जिस सूत्र से संबंध था उसने जेडे के बारे में जिगना से पूछ लिया. यह सूत्र छोटा राजन से जुड़ा था. उसने जिगना से ऐसे पूछा कि उसे यह कतई भान न हो सके कि आखिर किस मकसद से ये जानकारियां ली जा रही हैं.
उदाहरण के तौर पर उस सूत्र ने जिगना से पूछा होगा कि वो जो क्राइम रिपोर्टर जेडे है, वो तो बहुत महंगी कार से चलता होगा. तब जिगना ने कहा होगा कि नहीं, वो बाइक से चलता है. फिर उस सोर्स ने पूछा होगा कि अगर जेडे से मिलना होगा किसी को तो उसे कैसे पहचाना जा सकेगा, क्या उसकी गाड़ी का नंबर पता है. तब जिगना ने गाड़ी का नंबर पता करके बता दिया होगा. मुंबई के पत्रकारों का कहना है कि जिगना को यह कतई पता नहीं था कि उससे जो घुमा फिराकर सूचनाएं ली जा रही हैं उसका इस्तेमाल ये लोग किस मकसद के लिए करने जा रहे हैं.
और, अगर आपके लिए आपका सूत्र पचास सूचनाएं खबरें देता है तो कई बार पत्रकार अपने सोर्स के सवालों का जवाब देकर भी उसे यह एहसास कराता है कि तुम अपन के लिए खास हो. यह काम ज्यादातर क्राइम रिपोर्टर करते हैं और ऐसा करने में कोई गलत भी नहीं है क्योंकि क्राइम रिपोर्टरों को खबर निकालने के लिए कई विचित्र किस्म के लोगों को पटा कर रखना होता है.
जेडे हत्याकांड में जिगना वोरा की भूमिका के बारे में चर्चा फैलाई गई है कि जिगना ने संभवतः क्राइम रिपोर्टिंग की प्रतिद्वंद्विता में छोटा राजन के लोगों को सूचनाएं दे दी होंगी और मर्डर के लिए भड़काया होगा पर मुंबई के पत्रकार इससे इत्तफाक नहीं रखते. इनका कहना है कि जिगना की क्राइम रिपोर्टिंग की प्रतिद्वंद्विता जरूर जेडे से रही होगी लेकिन कोई भी पत्रकार किसी दूसरे पत्रकार की हत्या कतई नहीं कराना चाहता.
जिगना वोरा की गिरफ्तारी से मुंबई के पत्रकार सन्न हैं. पुलिस ने जेडे की हत्या की साजिश में जिगना का नाम शामिल कर लिया है. जिगना एशियन एज से पहले इंडियन एक्सप्रेस में हुआ करती थीं और उसके पहले दो तीन गुजराती अखबारों में काम करती थीं. जिगना की उम्र करीब 35 साल के आसपास है.
अगर आप भी इस प्रकरण के बारे में कुछ कहना चाहते हैं तो अपनी बात नीचे दिए गए कमेंट बाक्स के जरिए कह सकते हैं या फिर [email protected] पर मेल कर सकते हैं.





