प्रेस क्लब आफ इंडिया में आज आयोजित अरविंद केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेंस में जब सवाल-जवाब का दौर शुरू हुआ तो आगे बैठी एक महिला पत्रकार लगातार कई सवाल अरविंद केजरीवाल से पूछ बैठी. सवाल बेहद सतही और अटपटे थे. केजरीवाल और प्रशांत भूषण ने उसे बार-बार समझाया कि जो आप पूछ रही हैं, वह तो भारत सरकार या फिर संबंधित एचएसबीसी बैंक से पूछा जाना चाहिए, उनकी तरफ से अरविंद केजरीवल कैसे जवाब दे सकते हैं? पर वह महिला पत्रकार घुमा-फिराकर वही अपना सवाल बार-बार पूछती रही. तब प्रशांत भूषण ने भड़कते हुए कहा कि ये क्या नानसेंस है… क्या पूछ रही हैं आप..
प्रशांत के भड़कने पर वह महिला पत्रकार चुप हो गई. प्रेस क्लब आफ इंडिया के प्रांगण में हुई केजरीवल की पीसी के दौरान मीडिया की जबरदस्त भीड़ थी. केजरीवल नायक की तरह कैमरों से घिरे हुए अंदर तय समय पर आए और शुरू हो गए. उन्होंने भारत में बड़े स्तर पर संगठित भ्रष्टाचार की बात तथ्यों व उदाहरणों के साथ दमदारी से रखी. अंबानी, बिड़ला, कांग्रेसी सांसद अन्नू टंडन समेत कई लोगों के पैसे स्विस बैंक में जमा होने और एचएसबीसी जैसे बैंकों द्वारा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का खुलासा किया. अफरातफरी उस समय भी मची जब अरविंद केजरीवल ने सपोर्टिंग डाक्यूमेंट पत्रकारों में बांट देने को अपनी टीम के लोगों से कहा. पत्रकार ये डाक्यूमेंट लेने के लिए टूट पड़े. कुछ देर के लिए अफरातफरी का आलम था.






