पंकज शुक्ल के खबर भारती न्यूज चैनल ज्वाइन करने की खबर सही है. उन्होंने मैनेजिंग एडिटर के पद पर चैनल में ज्वाइन कर लिया है और कामकाज संभाल लिया है. कई न्यूज चैनलों में इनपुट हेड रहे और कई वर्षों तक प्रिंट मीडिया में दैनिक जागरण के साथ कई पदों पर कार्यरत रहे पंकज शुक्ल को तेजतर्रार टीवी जर्नलिस्ट माना जाता है. उनका मीडिया का करियर करीब 17 वर्षों का है. उन्हें पहली बार मैनेजिंग एडिटर का दायित्व मिला है.
भड़ास ने पंकज के बारे में जो पता किया उसके मुताबिक उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने के बाद करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की. दैनिक जागरण का हिस्सा बने. यहां विभिन्न पदों पर नौ वर्षों तक आसीन रहे. दैनिक जागरण के
साथ रिपोर्टर से लेकर डिप्टी न्यूज एडिटर तक अपनी सेवाएं देने के बाद उन्होंने इलेक्ट्रानिक मीडिया में छलांग लगाई.
टीवी के साथ पारी उन्होंने श्री अधिकारी ब्रदर्स के न्यूज चैनल जनमत में इनपुट एडिटर के बतौर शुरू की. बाद में यही चैनल लाइव इंडिया बना और पंकज इसके साथ जुड़े रहे. तेजी से आ रही खबरों पर जोरदार पकड़ की बात हो या फिर देश भर में फैले सहयोगी पत्रकारों स्ट्रिंगरों से लेकर कैमरामैनों के नेटवर्क के संयोजन की बात हो, पंकज शुक्ल ने इलेक्ट्रानिक मीडिया के तकरीबन हर आयाम को छुआ. बाद में पंकज ने इंडिया न्यूज़ में एसाइनमेंट हेड के तौर पर चैनल को अपनी सेवाएं दीं.
उसके बाद वे त्रिवेणी ग्रुप के न्यूज चैनल वायस ऑफ इंडिया में रीजनल एसाइनमेंट हेड बने. इसके बाद वे सीएनईबी में इनपुट हेड के बतौर जुड़े. इस चैनल में राहुल देव के साथ लंबे समय तक जुगलबंदी करने के बाद पंकज शुक्ल ने सीएनईबी से देश के पहले एचडी चैनल न्यूज़ एक्सप्रेस में छलांग लगाई. वे न्यूज एक्सप्रेस में इनपुट हेड के बतौर चैनल के प्रमुख वरिष्ठ सहयोगी बने रहे.
अब पंकज ने साईं प्रकाश ग्रुप के चैनल खबर भारती में मैनेजिंग एडिटर के पद पर ज्वाइन किया है. उनके खबर भारती चैनल में बतौर मैनेजिंग एडिटर काम संभालने के बाद चैनल के पत्रकारों को उम्मीद बंधी है कि चैनल का संचालन स्मूथ तरीके से होगा और खबरों को तवज्जो मिलेगा.





