मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से 8 सालों से प्रकाशित दैनिक जागरुक टाइम्स के कर्मचारियों को दीपावली के दौरान इस बार बोनस मिला. ऐसा इसलिए हो पाया क्योंकि कर्मचारियों ने एकजुट होकर बोनस के लिए मांग की और हंगामा शुरू कर दिया. इस कारण प्रबंधन ने सात सालों में पहली बार 3 हजार रुपये का बोनस अपने स्टाफ को दिया. दैनिक जागरुक टाइम्स के मुंबई कार्यालय में लगभग 20 कर्मचारी कार्यरत हैं. उसमें मात्र छह-सात ही रिपोर्टर और उप संपादक हैं, जिनके बल पर यह पेपर प्रकाशित किया जा रहा है.
पेपर में कार्यरत एक वरिष्ठ कर्मचारी ने बताया कि पेपर को सभी जगहों से विज्ञापन के माध्यम से अच्छी कमाई हो रही है, इसके बावजूद कर्मचारियों की वेतन वृद्धि नहीं की जा रही. मुंबई के उपनगरों में अंशकालिक संवाददाता की नियुक्ति कर उनसे मुफ्त में काम लिया जा रहा है. सुविधाएं न होने के कारण लोग इस पेपर में काम करने से कतरा रहे हैं. मुंबई के किसी भी जानकार पत्रकार को जागरुक टाइम्स में काम करने को कहा जाये तो वो पहली ही आवाज में कह देता है कि मुफ्त में कोई सेवा नहीं देगा. इस बीच दीपावली के मौके पर यहां कार्यरत पत्रकारों सहित कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया जिसके कारण उनकी दीपावली बेकार जाने वाली थी. जब कर्मचारियों ने बोनस देने की मांग की तो पेपर के मालिक ने इंकार कर दिया. इसके बाद पत्रकारों और कर्मचारियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया. कर्मचारियों की नाराजगी देखते हुए मालिक ने मीटिंग के बाद सभी को तीन-तीन हजार रुपये बोनस देने का निर्णय लिया. इस फैसले पर अमल करते हुए सभी को तीन-तीन हजार रुपये बोनस और मिठाई प्रदान किया गया.





