लखनऊ से खबर है कि ठेका दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये हड़पने के मामले में मुंबई की एक कंपनी के मालिक ने यूपी के एक पीसीएस अधिकारी दयाशंकर श्रीवास्तव समेत पांच लोगों के विरुद्ध जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुंबई के मलार्ड ईस्ट स्थित पारिखनगर में चंद्रकांत जे. दुबे की मेसर्स ईगल सीलिंग सिस्टम नाम से फर्म है। 28 फरवरी 2012 को गुईन रोड स्थित आरएसडी इंटरप्राइजेज के कर्मचारी शमसुर्रहमान का फोन चंद्रकांत के मोबाइल फोन पर गया। उन्होंने फाल्स सीलिंग के शेड को लेकर 22 करोड़ रुपये का ठेका देने की बात कहकर उन्हें लखनऊ बुलाया। वह लखनऊ आए तो आरएसडी इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर संजय मित्तल ने उनकी मुलाकात हजरतगंज के एक होटल में पीसीएस अधिकारी दयाशंकर श्रीवास्तव से कराई।
दूसरे दिन दयाशंकर कुछ लोगों के साथ उनसे मिलने आए और कहा कि ठेका लेने के लिए वह 30 लाख रुपये जमा कर दें। चंद्रकांत ने 25 लाख रुपये भुगतान कर दिया। उसके बाद चंद्रकांत ने ठेका लेने के बाबत कई बार दयाशंकर व उनके साथियों से संपर्क किया, लेकिन वह टाल मटोल करते रहे। उसके बाद रकम वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। रकम वापस नहीं मिली तो उन्होंने हजरतगंज कोतवाली में पीसीएस अधिकारी दयाशंकर श्रीवास्तव, शमसुर्रहमान, कृष्ण मुरारी, गीत बहादुर व संजय मित्तल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि जालसाजी व धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





