: कोर्ट में पेशी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत : गुड़गांव : गुड़गांव के सेक्टर-10 ए पुलिस ने एटूजेड नामक एक न्यूज चैनल के एक पत्रकार पर हत्या के प्रयास व प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पत्रकार ने अपने गांव के ही एक युवक को अपनी पजेरो गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, पत्रकार ने अपनी गाड़ी से युवक की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्रकार को शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने पजेरो गाड़ी व बाइक अपने कब्जे में ले ली है।
गांव भांगरौला निवासी प्रदीप यादव एक न्यूज चैनल में पत्रकार है। वह शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी पजेरो गाड़ी नंबर एचआर26टी-4004 से गुडग़ांव की ओर आ रहा था। वह भांगरौला व ढोरका के बीच कच्चे रास्ते से आ रहा था। इसी दौरान सामने से बाइक पर गांव का ही संजीव कुमार आ रहा था। पजेरो को तेज गति में अपने नजदीक आता देख संजीव अपनी बाइक से कूदकर खेतों में जा गिरा। गनीमत रही कि समय रहते वह बाइक से कूद गया। इसके बाद पजेरो चला रहे प्रदीप यादव ने अपनी गाड़ी रोकने की बजाय अपनी गाड़ी से बाइक को घसीटते हुए करीब पंद्रह से बीस मीटर तक चलता रहा। इसके बाद उसने अपनी गाड़ी रोकी। सूचना पाकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। गनीमत रही कि बाइक पर आ रहे युवक को चोट नहीं लगी। पुलिस ने देर रात आरोपी पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बाइक सवार संजीव के बयान पर पत्रकार के खिलाफ हत्या के प्रयास व प्रॉपर्टी नष्ट करने का केस दर्ज कर लिया। सेक्टर-10 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि मीडिया के नाम पर पत्रकार ने जमकर हंगामा किया। उस पर हत्या के प्रयास व प्रॉपर्टी डैमेज का केस दर्ज किया गया है। उसे शनिवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पत्रकार व बाइक चालक युवक दोनों एक ही गांव के हैं। दोनों का आमने सामने मकान है। दोनों की मां ने कुछ समय पहले सरपंच का चुनाव लड़ा था। तभी से दोनों परिवार के बीच में रंजिश चल रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दुर्गेश त्रिपाठी की रिपोर्ट





