खबर भारती न्यूज चैनल की कमान पंकज शुक्ला द्वारा संभालने के बाद इस चैनल से नए लोगों के जुड़ने का सिलसिला भी शुरू हो गया है. इस कड़ी में वरिष्ठ टीवी पत्रकार प्रेम शंकर ने खबर भारती में आउटपुट हेड के रूप में जिम्मेदारी संभाली है. अनुराग अमिताभ ने बतौर ब्यूरो हेड खबर भारती के साथ अपनी नई पारी शुरू की है.
प्रेम शंकर सहारा, टोटल टीवी, साधना और महुआ समेत कई चैनलों में सेवाएं दे चुके हैं. शुरुवात उन्होंने विनोद दुआ के साथ काम करके की. प्रेम शंकर की गिनती सुलझे हुए पत्रकारों में की जाती है. साधना मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ चैनल को नंबर वन बनाने में उनकी बेहद अहम भूमिका रही.
अनुराग अमिताभ मध्यप्रदेश के खांटी पत्रकार हैं. सी वोटर के अलावा उन्होंने सीएनईबी के भोपाल ब्यूरो को लंबे वक्त तक हेड किया. अनुराग ने मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र के विदर्भ गुजरात और
बुंदेलखंड इलाके में भी काम किया और अपनी स्पेशल स्टोरीज से अलग पहचान बनाई है. अब वो मध्य प्रदेश से छलांग लगाकर दिल्ली में ब्यूरो चीफ की भूमिका में आ गए हैं और फील्ड के साथ साथ एंकरिंग भी करेंगे.
साल भर पहले लांच हुए खबर भारती न्यूज चैनल बेहद बुरे दौर से गुजरा है. पिछले महीने साई प्रकाश ग्रुप के इस चैनल को कर्मचारियों की हड़ताल का सामना करना पड़ा. चैनल बंदी की कगार पर पहुंच गया था. प्रबंधन ने चैनल की बदहाली के लिए जिम्मेदार रहे चेहरों से मुक्ति पाकर पंकज शुक्ला के जरिए एक कोशिश की है. खबरों के मुताबिक खबर भारती के अंदर फिर से काम का माहौल बनना शुरू हो गया है. उम्मीद बंधी है कि खबर भारती से जुडे सैंकडों कर्मचारी व पत्रकार बेरोजगार होने से बच जाएंगे.





