इंडिया न्यूज ज्वाइन करने को लेकर चल रही चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ते हुए दीपक चौरसिया ने बताया कि अभी कोई फैसला उन्होंने नहीं लिया है. वे न तो एबीपी न्यूज छोड़ रहे हैं और न ही इंडिया न्यूज ज्वाइन कर रहे हैं.
दीपक ने हालांकि इंडिया न्यूज से बातचीत चलने को लेकर कुछ भी टिप्पणी करने से मना कर दिया पर उन्होंने इतना जरूर कहा कि बातचीत तो चलती रहती है. इंडस्ट्री में सभी लोग आपस में परिचित होते हैं और बैठक मीटिंग वगैरह हुआ करती है. पर उनको लेकर जो कुछ चर्चाएं हैं, वे सही नहीं हैं. अगर वे
आगे कुछ भी फैसला लेंगे तो जरूर सबको सूचित करेंगे.
उल्लेखनीय है कि दीपक चौरसिया द्वारा कौन बनेगा मुख्यमंत्री होस्ट न किए जाने के कारण और खराब सेहत के नाम पर घर पड़े रहने के कारण इंडस्ट्री में चर्चाओं का बाजार गर्म है. इंडिया न्यूज से जुड़े सूत्र भी इस बात की तस्दीक कर रहे हैं कि दीपक चौरसिया का यहां आना तय है और बातचीत अंतिम दौर में है या फाइनल हो चुकी है. पर खुद दीपक लगातार ऐसी चर्चाओं से इनकार करते रहे हैं. देखना है कि आने वाले दिनों में दीपक क्या फैसला लेते हैं. पर इतना तो तय है कि दीपक चौरसिया अपने करियर व जिंदगी के उस मोड़ पर खड़े हैं जहां उन्हें कोई बड़ा फैसला लेना है.





