जी न्यूज में लंबे समय तक पोलिटिकल रिपोर्टिंग करने वाले युसूफ अंसारी इन दिनों घाट-घाट का पानी पी रहे हैं. कभी पत्रकारिता और कभी राजनीति. कभी मार्केटिंग तो कभी रिपोर्टिंग. ताजी सूचना है कि युसूफ अंसारी ने फिर से चैनल वन न्यूज चैनल ज्वाइन कर लिया है.
जी न्यूज छोड़ने के बाद युसूफ अंसारी इसी चैनल वन में मैनेजिंग एडिटर बने थे. पर इस बार उन्होंने एक पद नीचे संपादक के रूप में ज्वाइन किया है. चर्चा है कि देर सबेर युसूफ अंसारी को मैनेजिंग एडिटर का भी पद दे दिया जाएगा. फिलहाल एमई के पद पर उदय सिन्हा आसीन है जिनको लेकर चर्चाएं हैं कि वे चैनल छोड़ सकते हैं.
फिलहाल कई प्रोग्राम जो उदय सिन्हा खुद करते थे, अब चैनल वन पर दिखाई नहीं देते. उदय सिन्हा के मैनेजिंग एडिटर होने के कारण युसूफ को सिर्फ संपादक पद से संतोष करना पड़ा है. यह पता नहीं चल पाया कि पहली पारी में ऐसा क्या हो गया था कि चैनल वन से युसूफ को विदा लेना पड़ा था और अब युसूफ में ऐसा क्या बदलाव आ गया है कि वे चैनल वन की पिच पर फिर से बैटिंग के लिये तैयार हो गए हैं.





