न्यूज़ एक्सप्रेस की मेहनत के कारण मेरठ के प्रेमी जोड़े सचिन और पूजा को अब सुरक्षा मिलेगी। इन दोनों की जानमाल की रक्षा करने को सरकार तैयार हो गयी है। न्यूज़ एक्सप्रेस की ख़बर का ये असर हुआ है कि न सिर्फ सचिन और पूजा को सुरक्षा मिलेगी, बल्कि उन लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी जो इनकी जान के दुश्मन बने हुए हैं।
ख़बर प्रसारित होने के 24 घंटे के भीतर ये असर दिखा। ज़ाहिर है अपनी जान बचाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे सचिन और पूजा को इससे बड़ी राहत मिली है। मेरठ के खरखौदा इलाके में रहने वाले सचिन को अपने ही गांव खंदावली की लड़की पूजा से मोहब्बत हो गयी। सामाजिक बंधन तोड़कर इस प्रेमी युगल ने गाज़ियाबाद के मंदिर में शादी की, फिर अदालत जाकर पति-पत्नी के बंधन में क़ानूनी तौर पर बंध गये। उसके बाद से सचिन को पूजा और अपने घरवालों की चिंता सताने लगी।
लड़की पक्ष के दबंग परिवार से उन्हें अपनी जान का ख़तरा नज़र आने लगा। पुलिस के पास इन दोनों ने गुहार लगायी, लेकिन सुरक्षा का कोई भरोसा नहीं मिला… न्यूज़ एक्सप्रेस को जब ख़बर मिली तो उसने एसपी मेरठ से सम्पर्क किया। एसपी ने मामले को गम्भीर माना और प्रेमी जोड़े को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
न्यूज़ एक्सप्रेस ने महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा से भी बात की। उन्होंने भी मामले में रुचि ली। हाकिम-महाविश की मोहब्बत के किस्से में हाकिम कुर्बान हो गया लेकिन सरकार लाचार रही। इस मामले में किरकिरी झेल रही सरकार ने जब न्यूज़ एक्सप्रेस पर नया मामला देखा, तो सरकार सकते में आ गयी।
अब प्रशासन कह रहा है कि न सिर्फ प्रेमी जोड़े को सुरक्षा दी जाएगी, बल्कि इसे धमकी देने वालों पर कानूनी कार्रवाई भी होगी। इस तरह न्यूज़ एक्सप्रेस की मेहनत ने जहां प्रेमी जोड़े को सुरक्षा दिलायी, वहीं क़ानून के पहरेदारों को भी उनका फ़र्ज याद दिलाया।





