जबरन वसूली के आरोपी जी समूह के दोनों संपादकों की जमानत पर कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है. जी न्यूज और जी बिजनेस के दोनों संपादकों सुधीर चौधरी और समीर आहलूवालिया की जमानत पर सोमवार को बहस होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया. दोनों संपादकों सुधीर चौधरी और समीर आहलूवालिया को पिछले मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था.
मालूम हो कि पिछली सुनवाई के दौरान जांच अधिकारी के नहीं पहुंचने की वजह से इनकी जमानत पर सुनवाई नहीं हो सकी थी. फिलहाल दोनों संपादकों 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं. दो दिन की पुलिस रिमांड के बाद कोर्ट ने इन दोनों को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया था.
कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल के व्यापारिक समूह से 100 करोड़ रुपए की जबरन वसूली की कोशिश के आरोप में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मंगलवार को जी न्यूज और जी बिजनेस के दो संपदकों सुधीर चौधरी और समीर आहलूवालिया को गिरफ्तार कर लिया. दोनों पत्रकारों पर आरोप है कि कोयला ब्लॉकों के आवंटन से जुड़े घोटाले में जिंदल की कंपनियों से जुड़ी नकारात्मक खबरें न चलाने की एवज में उन्होंने 100 करोड़ रुपए की मांग की थी.
इस प्रकरण से संबंधित अन्य सभी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें- Zee Jindal






