सीएनईबी न्यूज चैनल पूरी तरह खत्म हो चुका है. पहले इस न्यूज चैनल को नान न्यूज में कनवर्ट किया गया. अब इसका नाम बदलकर 'हमरा एम' नामक भोजपुरी म्यूजिक चैनल कर दिया गया है. चर्चा है कि 'हमरा एम'भी मार्च-अप्रैल महीने तक का मेहमान है. सीएनईबी में काम कर चुके कुछ लोगों का कहना है कि इस चैनल का अस्तित्व अब पूरी तरह खत्म हो चुका है.
बस सीएनईबी नाम से कंपनी जिंदा है, जो सीएनईबी चैनल संचालित करती थी. सीएनईबी चैनल के साथ कई दिग्गज लोग जुड़े और हटे. इस चैनल को सरान पिता-पुत्र संचालित करते रहे जो मूल रूप से चिटफंड के धंधे में हैं. जानकारों का कहना है कि चिटफंड कंपनी की तरफ से शुरू किए गए सीएनईबी न्यूज चैनल के बंद हो जाने, एक बड़े बिल्डर समूह एचडीआईएल द्वारा लाइव इंडिया को बेच दिए जाने, कई अन्य चिटफंडिया चैनलों के बंद हो जाने या बंदी की स्थिति में होने से इस धारणा को बल मिलने लगा है कि मीडिया का क्रेज अब गैर-मीडिया समूहों में कम होता जा रहा है.
जब चिटफंड वाले लोग मीडिया से तौबा कर रहे हैं तो समझा जा सकता है कि और कौन हो सकता है जिसके पास हर महीने करोड़ों रुपये स्वाहा करने का बूता हो. चिटफंड वालों की मजबूरी भी ये होती है कि वे किसी के भी खिलाफ खुलकर विरोधी स्टैंड नहीं ले सकते, और न्यूज चैनल में गुडी गुडी चलता नहीं. सो इनकी नियति बंद हो जाना है या फिर करोड़ों अरबों रुपये फूंक कर न्यूज चैनल के नाम पर पीआर कंपनी संचालित करना है. गुडबाय सीएनईबी. ढेर सारी खट्टी-मीठी यादें शेष रहेंगी.





