आईआईएमसी से पत्रकारिता की डिग्री लेने वाले और स्टिंग आपरेशन्स के जरिए इलेक्ट्रानिक मीडिया में अपना एक अलग स्थान बनाने वाले अनुरंजन झा इन दिनों नया प्रयोग करने में जुटे हैं. वे देश का पहला मेट्रोमोनियल चैनल लांच करने जा रहे हैं. इस चैनल के लिए करीब दर्जन भर लोगों की नियुक्तियां हो चुकी हैं. इसका आफिस नोएडा सेक्टर 63 के बी ब्लाक में बनाया गया है.
सूत्रों का कहना है कि चैनल का कानसेप्ट ऐसा है कि इसे पापुलर होने और लाभ में आने में वक्त नहीं लगेगा. शादी का बहुत बड़ा मार्केट है और इस मार्केट में इवेंट, रीयल इस्टेट, गारमेंट, फैशन समेत कई इंडस्ट्रीज रिलेटेड हैं. चैनल की कोशिश होगी कि वह मैरेज के सभी आयामों को टच करे और
उससे जुड़े मार्केट को एक्सप्लोर करे. इस चैनल को लांच कराने के लिए जिस कंपनी का निर्माण किया गया है, उसमें कई लोगों के पैसे लगे हैं और अनुरंजन झा भी पार्टनर हैं. अनुरंजन ही चैनल को बतौर मालिक और हेड लीड करेंगे. उनकी टीम में करीब दस लोगों की नियुक्ति हो चुकी है.
इस बारे में जब अनुरंजन से बात की गई तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और इतना कहा कि वे जल्द ही अपने नए प्रोजेक्ट के बारे में विधिवत रूप से घोषणा करेंगे. उल्लेखनीय है कि अनुरंजन झा कोबरा पोस्ट, इंडिया न्यूज, इंडिया टीवी, सीएनईबी समेत कई चैनलों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं.





