गाजीपुर । जिले के एक होनहार पत्रकार ने बिहार न्यायिक सेवा में सिविल जज के पद पर सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। सकलेनावाद निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पत्रकार ओंकार ना़थ श्रीवास्तव के पुत्र नवीन कुमार श्रीवास्तव ने प्रथम प्रयास में ही 134वीं रैंक के साथ सफलता अर्जित की है।
नवीन वर्तमान में यूएनआई के मान्यता प्राप्त पत्रकार के साथ-साथ स्थानीय कचहरी में वकालत भी
करते हैं। उनके चयन से क्षेत्रवासियों में हर्ष व्याप्त है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता तथा वकालत के गुरु प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव को दिया।
इनकी प्रारम्भिक शिक्षा राजकीय सिटी इंटर कालेज से हुई। बी.एस.सी. की पढ़ाई इन्होंने पी जी कालेज गाजीपुर से की। विधि की परीक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से 2003 में उत्तीर्ण की। स्थानीय कचहरी में 2004 से वकालत की प्रैक्टिस शुरू की। पत्रकारिता के क्षेत्र में 2005 से यूएनआई न्यूज एजेंसी के लिए कार्य करना शुरू किया। इनकी सफलता पर गाजीपुर के पत्रकारों ने बधाई देते हुए इनके उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही इन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।
गाजीपुर से पत्रकार केके की रिपोर्ट.





