कपूरथला : कांग्रेस के भोलथ से विधायक सुखपाल खैरा ने सुखबीर बादल एवं उनके पंजाबी चैनल पीटीसी समेत नौ लोगों के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराई. यह शिकायत चैनल पर हाल में उस खबर के प्रसारण के बाद दर्ज कराई गई है जिसमें आरोप लगाया गया था कि राजपुरा में जो हवाला का धन बरामद किया गया वह उन्हें दिया जाना था. इसके बाद से ही खैरा ने दावा किया था कि वो कोर्ट की शरण लेंगे.
कपूरथला के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट किरण बाला ने यहां भोलथ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक सुखपाल खैरा और तीन गवाहों का बयान दर्ज किया और मामले की सुनवाई की तारीख नौ जनवरी निर्धारित की. उल्लेखनीय है कि राजपुरा पुलिस द्वारा नाकेबंदी के दौरान 3.64 करोड़ की हवाला बरामद की गई थी, जिसमें पीटीसी चैनल ने भोलथ के कांग्रेसी विधायक सुखपाल खैरा का नाम जोड़ दिया था. इसी से क्षुब्ध खैरा ने शनिवार को कपूरथला की एक अदालत में उपमुख्यमंत्री, जिला योजना बोर्ड के चेयरपर्सन, चैनल के एडिटर सहित 9 लोगों के खिलाफ आपराधिक शिकायत दी है. इन लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 499-500-501बी-120-बी के तहत लिखित आपराधिक शिकायत दी है.





