रवींद्र जैन 'हिंदुस्तान एक्सप्रेस' नामक एक अखबार के संपादक बने. ज्यादा नहीं, हफ्ते दो हफ्ते हुए होंगे. और, आज उन्होंने खुद अपने फेसबुक एकाउंट के जरिए सबको बताया है कि उन्होंने सीएम शिवराज से चर्चा की और 'हिंदुस्तान एक्सप्रेस' के विस्तार की जानकारी दी. सोचिए, आजकल के दौर में लोग प्रधान संपादक बनते क्यों हैं और जो प्रधान संपादक बन जाता है वो तुरंत सीएम-पीएम के यहां भागकर जाता क्यों है? अपने अखबार के विस्तार के बारे में सीएम को बताने की जरूरत क्यों है? और, सीएम से 'चर्चा'में देश-दुनिया पर तो क्या बात होगी, बाकी क्या बात हुई और उसके क्या फायदा-नुकसान अखबार को होने वाला है?
अर्थ के इस दौर में जब हर चीज बिकाऊ हो चुकी है, तब प्रधान संपादक की कुर्सी भी उससे परे नहीं है. आज ही वो खबर इंडियन एक्सप्रेस में छपी है जिसमें बताया गया है कि छत्तीसगढ़ में सरकार की जय जय करने के लिए कई न्यूज चैनलों के संपादकों ने पेड न्यूज के बड़े बड़े प्रपोजल गर्व के साथ भेजे हैं. खैर, जब पूरे कुएं में भांग पड़ी हो तब किसी एक की क्या चर्चा करने. अपन तो रवींद्र जैन को शुभकामनाएं देंगे कि वे सीएम से चर्चा करने के बाद अब पीएम से भी चर्चा करने लायक बनें ताकि वे हिंदुस्तान एक्सप्रेस से उतर कर हिंदुस्तान अखबार पर चढ़ जाएं और यहां के प्रधान संपादक बन जाएं. खैर, वो दौर तो अब रहा नहीं जब सीएम लोग खुद एडिटर के यहां मिलने जाया करते थे और वेट किया करते थे. -यशवंत, एडिटर, भड़ास4मीडिया
रवींद्र जैन ने फेसबुक वॉल पर जो प्रकाशित किया है, वह इस प्रकार है… जाहिर है, ये खबर उनके ही प्रधान संपादकत्व वाले अखबार हिंदुस्तान एक्सप्रेस में प्रकाशित हुई होगी…
समूह संपादक रवीन्द्र जैन की सीएम से चर्चा
हिन्दुस्तान एक्सप्रेस के विस्तार की दी जानकारी

भोपाल। हिन्दुस्तान एक्सप्रेस के समूह संपादक रवीन्द्र जैन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और उन्हें हिन्दुस्तान एक्सप्रेस के मध्यप्रदेश में होने वाले विस्तार के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर जनसंपर्क आयुक्त राकेश श्रीवास्तव एवं संयुक्त संपादक पंकज शिवहरे भी उपस्थित थे।
हिन्दुस्तान एक्सप्रेस प्रबंधन ने वरिष्ठ पत्रकार रवीन्द्र जैन को समूह संपादक का दायित्व सौपते हुए उन्हें पूरे प्रदेश में समाचार पत्र के विस्तार की जिम्मेदारी भी सौंपी है। शुक्रवार को विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री के कार्यालय में रवीन्द्र जैन ने मुख्यमंत्री चौहान से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि हिन्दुस्तान एक्सप्रेस मध्यप्रदेश के अलावा हरियाणा और राजस्थान से भी प्रकाशित हो रहा है। समाचार पत्र ने दिल्ली और महाराष्ट्र में भी प्रकाशन शुरू करने की तैयारियां कर ली हैं।
जैन ने मुख्यमंत्री को बताया कि मध्यप्रदेश में हिन्दुस्तान एक्सप्रेस मुरैना, ग्वालियर एवं भोपाल से प्रकाशित हो रहा है। शीघ्र ही इसे जबलपुर, इंदौर और रायपुर से प्रकाशित करने की योजना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिन्दुस्तान एक्सप्रेस को अपनी शुभकामनाएं दीं और उम्मीद की कि यह समाचार पत्र प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभाएगा।






