खबर आ रही है कि आलोक मेहता के नेतृत्व में पत्रकारों का एक दल आज कैंडल मार्च निकालेगा. इनकी मांग है कि पुलिस जी के संपादक द्वय सुधीर चौधरी और समीर अहलूवालिया को परेशान न करे. सुधीर और समीर को गिरफ्तार किए जाने से आलोक मेहता नाराज हैं और अब खुलकर अपना विरोध प्रदर्शित करने के लिए मैदान में उतर रहे हैं.
आलोक मेहता के लोग अपने करीबी व परिचित पत्रकारों को फोन कर आज शाम को जंतर मंतर पहुंचने के लिए बोल रहे हैं. पता चला है कि ये लोग कैंडल मार्च के जरिए सुधीर चौधरी और समीर अहलूवालिया को पुलिस के जरिए परेशान किए जाने का विरोध करेंगे. ज्ञात हो कि जी न्यूज भी इस प्रकरण पर लगातार यही स्टैंड लिए हुए है कि उनके संपादकों को गिरफ्तार किया जाना मीडिया की आजादी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमले जैसा है. अब आलोक मेहता भी जी ग्रुप के स्टैंड के साथ कदमताल करते हुए सरकार से दो दो हाथ करने के लिए मैदान में उतरेंगे.
हालांकि मीडिया जगत में सुधीर चौधरी और समीर अहलूवालिया की गिरफ्तारी को लेकर विरोध का स्वर न के बराबर है. ज्यादातर पत्रकार और संपादक पुलिस की कार्रवाई को जायज ठहरा रहे हैं. हां, कुछेक संपादक जरूर दुखी हैं क्योंकि उन्हें इस बात का खतरा सता रहा है कि ऐसे तो कोई भी शिकायत कर देगा और पुलिस उठा लेगी.
उधर, कुछ संपादकों का कहना है कि सुधीर चौधरी और समीर अहलूवालिया की गिरफ्तारी पुलिस ने जांच करने के बाद और तथ्यों की रोशनी में की है. वीडियो और आडियो सुबूत सामने हैं. ऐसे में इस गिरफ्तारी को अभिव्यक्ति की आजादी और मीडिया की स्वतंत्रता से जोड़ना गलत है. पुलिस को उसका काम करने देना चाहिए.
जी-जिंदल प्रकरण की सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें-





