जालौन से खबर है कि आजतक न्यूज चैनल के पत्रकार अलीम के साथ कुछ लड़कों ने बदतमीजी की एवं मारपीट करने की कोशिश की. इस घटना की जानकारी जब अन्य मीडियाकर्मियों को हुई तो वो भी मौके पर पहुंच गए तथा घटना से पुलिस को अवगत कराया. जानकारी के अनुसार अलीम रविवार को किसी काम से जालौन से उरई जा रहे थे. रास्ते में कुछ युवा ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी. उन्होंने ठीक से गाड़ी चलाने को कहा तो वे अलीम से उलझ गए.
उनसे मारपीट करने की भी कोशिश की. शोर शराबा होते देख वहां भीड़ एकत्रित हो गई, जिसका फायदा उठाकर सभी लड़के फरार हो गए. सूचना मिलने पर कई पत्रकार भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई. पुलिस मामले की जांच में भी जुटी. पर बताया जा रहा है कि युवकों के अभिभावकों ने अलीम से आकर क्षमा मांग ली, जिसके बाद उन्होंने सदाशयता दिखाते हुए तथा युवकों के भविष्य को देखते हुए किसी प्रकार की कानूनी या पुलिस कार्रवाई करने से इनकार कर दिया. इस संदर्भ में जब अलीम से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे युवा थे, इतनी बड़ी गलती नहीं थी कि उनका भविष्य खराब किया जाए, लिहाजा मामले को तूल नहीं दिया गया.






