Raj Kamal : भारतीय जनता पार्टी की नेता और सांसद मेनका गांधी ने गैंग रेप पीड़िता की मौत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि रेप पीड़िता की मौत दिल्ली में ही हो गई थी। उसे बोरे की तरह प्लेन में डालकर कर सिंगापुर भेज दिया गया। मेनका गांधी ने कहा कि जिन हालात से लड़की गुजर रही थी वैसे में बेहतर इलाज के नाम पर विदेश भेजना कहीं से भी तार्किक नहीं है। मेनका ने कहा, मैं मानती हूं कि लड़की का निधन दिल्ली में हो गया था।'
उन्होंने दिल्ली और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस घटना के बाद सरकार में जिस तरह की प्रतिबद्धता दिखनी चाहिए थी वह अब तक नहीं दिखी। सरकार कुछ कड़े कदम उठाकर लोगों में भरोसा और सुरक्षा का माहौल कामय कर सकती थी लेकिन नाकाम रही। मेनका गांधी ने कहा कि इस पूरे मामले को जिस तरह से हैंडल किया गया उससे कई तरह के सवाल खड़े होते हैं।

गौरतलब है कि कुछ डॉक्टरों ने भी लड़की को सिंगापुर भेजने पर हैरानी जतायी थी। डॉक्टरों का कहना था कि जब लड़की इस हालत में नहीं थी कि उसका आंत ट्रांसप्लांट किया जा सके तो सिंगापुर क्यों भेजा गया। एक्सपर्ट टीम के कुछ डॉक्टरों ने कहा था कि हमसे पूछा भी नहीं गया कि आखिर क्यों सिंगापुर लड़की को शिफ्ट किया जा रहा है। केवल इतना पूछा गया कि क्या लड़की वहां जाने की स्थिति में है। डॉक्टरों ने इस मेडिकल फैसला के बजाय राजनीतिक फैसला करार दिया था। इसके बावजूद मेनका गांधी का यह कहना कि लड़की का निधन दिल्ली में हो गया था डॉक्टरों के कथन से मेल नहीं खाता है। इस घटना में अब तक मेनका गांधी ने बिल्कुल नई और हैरान करने वाली बात कही है।
राजकमल के फेसबुक वॉल से.





