हिंदुस्तान, नोएडा से खबर है कि दो ब्यूरोचीफों को आपस में बदल दिया गया है. यह बदलाव गाजियाबाद के ब्यूरोचीफ चेतन आनंद के खिलाफ रिपोर्टिंग टीम में फैले असंतोष को देखते हुए किया गया है. सूत्रों का कहना है कि चेतन आनंद गाजियाबाद को ठीक से संभाल नहीं पा रहे थे, जिसके चलते उन्हें अंतिम चेतावनी देते हुए गाजियाबाद से हटाकर नोएडा का ब्यूरोचीफ बनाया गया है. यह कार्रवाई उन पर ज्यादा निगरानी रखने के लिए की गई है.
वैसे दिलचस्प तथ्य यह है कि जब संपादक प्रताप सोमवंशी गाजियाबाद का हालचाल लेने वहां पहुंचे थे तब चेतन आनंद किसी रैली को हरी झंडी दिखा रहे थे. कार्यालय आने के बाद उन्हें भी हरी झंडी दिखाकर गाजियाबाद से नोएडा भेज दिया गया. वहीं नोएडा के ब्यूरोचीफ गौरव त्यागी को गाजियाबाद का नया ब्यूरोचीफ बना दिया गया है.





