दक्षिण दिल्ली के वसंतकुंज इलाके में बुधवार अपरान्ह एक तेज गति कार ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। जब दूसरे कार चालक ने इस पर नाराजगी जताई तो आरोपी चालक ने उन पर तीन गोली चलाई और फरार हो गया। एक गोली शिकायतकर्ता की बेल्ट को छूते हुए निकल गई। एक राहगीर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर पुराना राजेंद्र नगर निवासी पचास वर्षीय अरुण कुमार पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से पिस्टल भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी पत्रकार है।
दक्षिण दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त छाया शर्मा ने बताया कि बुधवार को अपरान्ह दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि महिपालपुर स्थित फोर्टीज अस्पताल के पास रोड रेज की घटना हुई है। जानकारी पर वसंत कुंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां मौजूद गुड़गांव निवासी साठ वर्षीय जगबीर सिंह मलिक ने बताया कि वह कार से अपने परिवार के साथ बेटी की सगाई में जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने किशनगढ़ जाने के लिए अपनी कार यू टर्न पर मोड़ी। पीछे से तेज गति से आ रही आइटेन कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों ने रोड के किनारे अपनी कार रोक दी। जगबीर सिंह ने जब नाराजगी जताई तो पत्रकार अरुण उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। बाद में आरोपी ने पिस्टल निकाल तीन गोली जगबीर पर दागी। एक गोली शिकायतकर्ता की बेल्ट की बकलेट को छूटी हुई निकल गई।
इसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी, इसके पहले ही आरोपी पत्रकार मौके से निकल चुका था। जगबीर ने कार का नंबर पुलिस को दे दिया। घटना व कार के नम्बर की जानकारी के बाद वसंतकुंज दक्षिण जिला थाने के एसएचओ गगन भाष्कर ने दबिश देकर आरोपी अरुण कुमार पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पिस्टल व गोली के तीन खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने अरुण के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।






