जितनी दवा की उतना ही मर्ज बढ़ता गया की तर्ज पर कानपुर में हिंदुस्तान प्रबंधन जितना अखबार को सुधारने का काम कर रहा है, उतनी ही गलतियां देखने को मिल रही हैं. ताजा मामला बुधवार का है. एक ही खबर दो बार लगा दी गई है. लोकायुक्त द्वारा स्वामी प्रसाद मौर्य और अंबिका चौधरी को क्लीनचिट देने तथा अब्दुल मन्नान पर शिकंजा कसने की खबर लगाई गई है. लखनऊ डेट लाइन से लगी इस खबर को अखबार ने पहले पेज पर तो जगह दी ही है, अंदर राजकाज वाले पेज पर भी सेम स्टोरी रिपीट कर दी गई है.
एक खबर 'मन्नान पर कसा शिकंजा मौर्य को क्लीनचिट' तथा दूसरी का हेड लाइन 'मन्ना की जांच में टीम जाएगी हरदोई' से लगाई गई है. गौरतलब है कि प्रबंधन कानपुर में हिंदुस्तान की स्थिति को लेकर काफी परेशान है. इटावा-औरैया में दाम कम किया तो समाचार संपादक खबरों की गुणवत्ता में सुधार के लिए जिला प्रवास कर रहे हैं. इसके बाद भी गलतियां सुधर नहीं रही हैं.


एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





