नेपाल में पत्रकार देकेंद्र राज थापा की हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री बाबूराम भट्टाराई को समन जारी किया है. सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री से कहा है कि 2004 में पत्रकार की हत्या की जांच में अपने कथित हस्तक्षेप के मामले में वह अदालत में उपस्थित हों. साथ ही अदालत ने उन्हें सात दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का भी निर्देश दिया है. भट्टराई के अलावा नेपाल की सबसे बड़ी अदालत ने एटॉर्नी जनरल मुक्ति नारायण प्रधान को भी समन भेजा है.
सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री भट्टाराई और प्रधान से एक सप्ताह के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है. भट्टाराई देश के कानून मंत्री भी हैं. भट्टाराई पर आरोप है कि उन्होंने पत्रकार के हत्या की जांच में हस्तक्षेप किया था. न्यायमूर्ति सुशीला कारकी ने दोनों को आदेश दिया कि वे इस बारे में स्पष्टीकरण दें कि पत्रकार देकेंद्र राज थापा की हत्या के मामले की जांच में उन्होंने हस्तक्षेप किया या नहीं.





