खबर भारती से ब्यूरो हेड अनुराग अमिताभ का इस्तीफा हो गया. वे पिछले पंद्रह दिनों से कार्यालय नहीं जा रहे थे. कुछ महीने पहले ही उन्होंने खबर भारती ज्वाइन किया था. परन्तु वहां अचानक बदली परिस्थितियों में उन्होंने खुद को असहज महसूस करते हुए अपना नाता तोड़ लिया. अनुराग अमिताभ मध्यप्रदेश के खांटी पत्रकार हैं. सी वोटर के अलावा उन्होंने सीएनईबी के भोपाल ब्यूरो को लंबे वक्त तक हेड किया. अनुराग ने मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र के विदर्भ गुजरात और बुंदेलखंड इलाके में भी काम किया और अपनी स्पेशल स्टोरीज से अलग पहचान बनाई है. संभावना जताई जा रही है कि वे यशवंत देशमुख की टीम में ज्वाइन कर सकते हैं.
खबर भारती से वाइस प्रेसिडेंट ग्रुप एचआर साधना कौशल ने इस्तीफा दे दिया है. वे भी काफी समय से चैनल को अपनी सेवाएं दे रही थीं. बताया जा रहा है साधना कौशल ने अपने साथ दुर्व्यवहार किए जाने पर चैनल में छह लोगों को नोटिस भेजा है. नोटिस में जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं उसमें चेयरमैन पीएस बघेल, रविराज, प्रज्ञान भट्टाचार्य, मनोज मौर्या, सुशील चौधरी एवं सरवर हुसैन शामिल हैं.
एक खबर यह भी है कि चैनल में कुछ दिन पहले तक कार्यरत रहे नितिन श्रीवास्तव ने चैनल हेड प्रज्ञान भट्टाचार्य के खिलाफ नोएडा के सेक्टर 58 थाने में लिखित तहरीर दी है. अपने तहरीर में नितिन ने आरोप लगाया है कि प्रज्ञान भट्टाचार्य ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. नितिन का आरोप है- ”प्रज्ञान ने मुझ पर दबाव डालकर महिला सहकर्मियों से मिलवाने की जिद की. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 31 दिसम्बर की पार्टी के लिए लड़कियां भेजूं. मैंने इससे इनकार कर दिया और इसकी जानकारी अपने सीनियरों को दे दी. इसी से प्रज्ञान नाराज हो गए तथा छह तारीख को मुझे ऑफिस बुलाकर जान से मारने की धमकी दी तथा कहा कि तुम्हारे पूरे परिवार को उठवा लूंगा.” हालांकि उनकी तहरीर पर नोएडा सेक्टर 58 की पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है. इस संदर्भ में जब प्रज्ञान भट्टाचार्य से बात की गई तो उन्होंने कुछ भी कमेंट करने से मना कर दिया.





