सहारा मीडिया में उठापटक का दौर लंबे समय से जारी है. सहारा मीडिया में जब से संदीप वाधवा ने राव वीरेंद्र सिंह को ताकत दी है और स्वतंत्र मिश्रा को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड हेड के साथ साथ प्रिंट की भी व्यवस्था देखने की जिम्मेदारी मिली है, उपेंद्र राय के लोगों पर गाज गिरने का क्रम शुरू हो गया है. ताजी सूचना है कि उपेंद्र राय के सबसे करीबी कानपुर यूनिट हेड रमेश अवस्थी को हटा दिया गया है. देर रात रमेश अवस्थी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया और उनके स्थान पर उपेंद्र राय की ओर से साइडलाइन करके रखे गये योगेश दुबे को कानपुर यूनिट हेड बनाया गया है. देर शाम योगेश दुबे ने कंपनी के आदेशों के क्रम में यूनिट हेड का कार्यभार ग्रहण कर लिया है.
योगेश दुबे को स्वतंत्र मिश्रा की टीम का काफी भरोसेमंद माना जाता है, इसी कारण कानपुर जैसी अहम यूनिट का प्रभारी योगेश दुबे को बनाया गया है. चर्चा है कि रमेश अवस्थी को सस्पेंड किया गया है. इससे पहले भी रमेश अवस्थी को स्वतंत्र मिश्रा ने ही सस्पेंड कर दिया था. उसके बाद जब उपेंद्र राय की वापसी हुई तो रमेश अवस्थी फिर से पूरी ताकत के साथ वापस लौट आये थे. योगेश दुबे स्वतंत्र मिश्रा के पिछले कार्यकाल में सहारा मीडिया के सभी न्यूज चैनलों के एसाइनमेंट हेड रह चुके हैं. योगेश दुबे सहारा मीडिया से करीब दो दशक से जुड़े हुये हैं. वे राष्ट्रीय सहारा अखबार के कानपुर में प्रमुख संवाददाता रह चुके हैं. योगेश दुबे को साल 2003 में सहारा समय न्यूज चैनल (उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड) की ओपनिंग के दौरान कानपुर ब्यूरो प्रमुख की कमान सौंपी गई थी. इसके बाद सहारा में तरक्की देकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सहारा समय का ब्यूरो प्रमुख बनाया गया. उपेंद्र राय के कार्यकाल में उन्हें नोएडा आफिस से अटैच कर दिया गया था.





