मशहूर कवि और अमर उजाला के निदेशक वीरेन डंगवाल के बारे में सूचना मिल रही है कि उनका हार्ट अटैक हो गया है. स्थिति उनकी खतरे के बाहर बताई जा रही है. वे एक कवि गोष्ठी में भाग लेने छत्तीसगढ़ के रायगढ़ गए हुए थे. वहीं उनके सीने में दर्द उठा और हालत बिगड़ने लगी. उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.
फिलहाल वे अस्पताल के आईसीयू में हैं. स्थानीय लोग उनकी देखरेख में लगे हुए हैं. बरेली कालेज के हिंदी विभाग में प्रोफेसर रहे वीरेन डंगवाल साहित्य अकादमी द्वारा पुरस्कृत हिन्दी कवि हैं.
xxxx
पता चला है कि रायगढ़ में आयोजित कवि गोष्ठी में शिरकत करने के लिए वीरेन डंगवाल परसों दिल्ली से फ्लाइट से रायपुर पहुंचे. रायपुर में ही उन्हें दिक्कत शुरू हो गई थी. रात में नींद नहीं आई और सांस फूलने से परेशानी हो रही थी. रायगढ़ पहुंचते पहुंचते उनकी स्थिति बिगड़ गई. उन्होंने अपनी दिक्कतों को अपने परिचितों से छुपाए रखा, जिसके कारण उन्हें तत्काल मदद नहीं मिल सकी. बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति में थोड़ी बहुत सुधार है. वे अब भी आईसीयू में हैं. उनके पुत्र दिल्ली से रायगढ़ के लिए दिन में ही निकल गए. रात में वे रायगढ़ पहुंच गए हैं.
xxxx
फेसबुक पर पत्रकार अभिषेक श्रीवास्तव ने वीरेन डंगवाल से संबंधित जो स्टेटस शेयर किया है उसमें बताया गया है कि जिस अस्पताल में वीरेन डंगवाल भर्ती हैं, वहां कार्डियोलाजिस्ट नहीं है. अभिषेक का फेसबुक स्टेटस यूं है- ''एक आवश्यक सूचना : हिंदी के कवि वीरेन डंगवाल को दिल का दौरा पड़ा है। वे छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक कार्यक्रम में गए थे। कल रात से वे वहीं के जिंदल-फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। अच्छी बात यह है कि उनकी स्थिति अभी स्थिर है लेकिन कहीं ले जाने लायक नहीं, और संकट की बात यह है कि उक्त अस्पताल में कोई कार्डियोलॉजिस्ट नहीं है। प्राप्त सूचना के अनुसार कार्डियोलॉजिस्ट परसों तक वहां पहुंचेंगे। छत्तीसगढ़ के मित्र ध्यान दें और यथासंभव अपने संपर्क सूत्रों से स्थिति पर नज़र बनाए रखें, अपडेट करें और ज़रूरत के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।''
xxxx
वीरेन डंगवाल के कई शुभचिंतकों ने भड़ास4मीडिया को जानकारी दी कि उनकी हालत अब ठीक है. चिंता की कोई बात नहीं है. उनके पुत्र रायगढ़ पहुंच चुके हैं. डाक्टरों की टीम और स्थानीय लोग उनकी देखरेख में लगे हुए हैं. जिस आयोजन में शिरकत करने के लिए वीरेन डंगवाल रायगढ़ पहुंचे हैं, उसके आयोजकों ने भी बताया है कि उनकी स्थिति सही है, चिंता करने जैसी कोई बात नहीं है.
xxxx
रायपुर से एक वरिष्ठ पत्रकार ने फोन पर बताया कि वीरेन डंगवाल जिस जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं, वहां एयर एंबुलेंस की भी व्यवस्था है. सुबह डाक्टर उनकी ईसीजी करने के बाद तय करेंगे कि उन्हें रायपुर रिफर किया जाए या दिल्ली. रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में दो कार्डियोलाजिस्ट हैं. जो मुख्य कार्डियोलाजिस्ट हैं, वे छुट्टी पर हैं. वीरेन डंगवाल के पुत्र वहां पहुंच गए हैं. भोपाल, रायपुर, दिल्ली समेत कई शहरों से पत्रकारों, अफसरों, साहित्यकारों, शुभचिंतकों आदि के फोन अस्पताल प्रबंधन व जिला प्रशासन के पास पहुंच गए हैं, जिसके कारण डाक्टर भी पूरे एलर्ट
होकर वीरेन डंगवाल के इलाज में लगे हैं. ताजी जो जानकारी उनकी सेहत के बारे में मिली है वो ये कि उनकी हालत ठीक है, काफी सुधार आया है.





