लंदन। ब्रिटेन और दुनिया की अग्रणी प्रसारण सेवा ब्रिटिश ब्राडकास्टिंग कार्पोरेशन [बीबीसी] के एक और कार्यक्रम प्रस्तोता स्टुअर्ट हाल पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। लंकाशायर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। हाल पर इसके अलावा 9 से 16 साल की लड़कियों के साथ यौन प्रताड़ना का भी आरोप है। ये मामले 1967 से 1986 के बीच के हैं। उस समय वह मशहूर कार्यक्रम 'इट्स ए नॉकआउट' के प्रस्तोता थे। उन्हें आर्डर ऑफ द ब्रिटिश इंपायर पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार हाल ने 1976 में एक 22 साल की युवती से दुष्कर्म किया था। 83 वर्षीय स्टुअर्ट को 7 फरवरी को अदालत में पेश किया जाएगा। बीते एक साल में यह दूसरा मामला है जबकि बीबीसी के किसी कर्मचारी पर इस तरह के आरोप लगे हैं। पिछले साल ही बीबीसी के अन्य ब्राडकास्टर जिमी शेविल द्वारा बाल यौन उत्पीड़न का मामला भी सामने आया था। स्टुअर्ट अब तक नियमित रूप से बीबीसी में आते रहे हैं। हालांकि इससे पूर्व दिसंबर में उन पर इस तरह के आरोप लगे थे लेकिन उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया था। बीबीसी की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की गई है। (जागरण)





