उदयपुर : विगत तीन दशक से अधिक समय तक जनसरोकारों के लिए समर्पित पत्रकारिता करने वाले वरिष्ठ पत्रकार कालूलाल जैन का गुरुवार की सुबह निधन हो गया. वे 75 साल के थे तथा कुछ समय से बीमार चल रहे थे. वे अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों का भरा पूरा परिवार छोड़कर गए हैं. पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बुधवार को दोपहर उन्हें खून की उल्टियां हुई थीं, जिसके बाद परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए थे.
जैन विद्यापीठ के जनपथ के प्रोग्राम डायरेक्टर पद पर कार्य करते हुए उन्होंने जमकर स्वतंत्र पत्रकारिता की. उनके अनेकों लेख विभिन्न अखबारों में प्रकाशित हुए. रिटायरमेंट के बाद उन्होंने मासिक पत्रिका प्रत्युष को भी अपनी सेवाएं दीं. अग्रणी पत्रकार संघ जार एवं उदयपुर पत्रकार परिषद के अध्यक्ष के अतिरिक्त श्री जैन ने 1976 से समाचार पत्र जनमंगल के संपादक एवं प्रकाशक का दीर्घकालिक दायित्व निभाया.
समर्पित सेवाओं के लिए जैन को महाराणा मेवाड़ फाउण्डेशन विशिष्ट पुरस्कार, प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय सम्मान सहित रोटरी, महावीर युवा मंच व अन्य संगठनों द्वारा भी सम्मानित किया गया था. इस दौरान उनके पैर में तकलीफ होने से वे अधिकांश समय घर में रहते थे. जैन के निधन की खबर सुनते ही उनके जानने वालो में शोक की लहर दौड़ गई. लोग उनके सूरजपोल स्थित निवास पर पहुंचने लगे. राजनीति और पत्रकारिता से जुड़े लोग का जमावड़ा उनके आवास पर लगने लगा.





