: सर्वोच्च शक्ति प्राप्त साधारण सभा के फैसले को पलटने के षड़यंत्र में जुटे चार पत्रकार : जयपुर : पिंक सिटी प्रेस क्लब की साधारण सभा की बैठक में लिया गया एक फैसला चुनाव लड़ने के आदी हो चुके मुट्ठी भर पत्रकारों के गले नहीं उतर रहा है और वे इस फैसले को पलटवाने की जुगाड़ में जुट गए हैं. पिंक सिटी प्रेस क्लब की पिछले दिनों हुई साधारण सभा की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला हुआ था क़ि कोई भी पत्रकार दो बार किसी पद पर विजयी होने के बाद कम से कम एक वर्ष के अंतराल के बाद ही तीसरी बार चुनाव लड़ सकेगा और एक पद पर तीन बार चुने जाने के बाद वह फिर कभी उस पद पर चुनाव नहीं लड़ पायेगा.
प्रेस क्लब की प्रबंध समिति में कुल १५ पदाधिकारी हैं, जिनमें से चार लोगों ने कंपनी रजिस्ट्रार के यहाँ शिकायत की है क़ि साधारण सभा की बैठक में लिया गया फैसला गलत है. इनका कहना है क़ि इस मामले को पहले प्रबंध समिति की बैठक में लाया जाना चाहिए था. कंपनी रजिस्ट्रार ने इस बारे में प्रेस क्लब को एक नोटिस भेजा है, जिसका जवाब भी प्रेस क्लब ने भिजवा दिया है. प्रेस क्लब के अध्यक्ष एल.एल. शर्मा का कहना है क़ि यह फैसला साधारण सभा ने लिया है जो क़ि सर्वशक्तिमान है. वैसे भी प्रबंध समिति के केवल चार लोगों ने इस पर आपत्ति की है, जबकि बाकी ११ लोग इस से सहमत हैं. इसलिए यह फैसला पूरी तरह न्यायसंगत है. गौरतलब है क़ि इस फैसले पर आपत्ति दर्ज कराने वाले वो लोग हैं जो क्लब में दो या इससे भी ज्यादा बार पदाधिकारी रह चुके हैं. क्लब में आम चर्चा है क़ि ये लोग फिर चुनाव लड़ने के लिए लार टपका रहे हैं.
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.






