लंदन : सनसनीखेज रहस्योद्घाटन के चलते अमेरिका के निशाने पर चल रहे स्वीडिश वेबसाइट विकिलीक्स के संपादक जूलियन असांजे ने अब विभिन्न देशों में तेजी से पांव पसार रहे जासूसी नेटवर्क की पोल खोली है। उन्होंने एक नई परियोजना के अंतर्गत अपनी वेबसाइट पर शुक्रवार को 287 नई स्पाई फाइलें (जासूसी दस्तावेज) जारी की हैं। इनमें बताया गया है विश्र्व के 25 देशों में फैली 160 से अधिक कंपनियां सेलफोन, ई-मेल और अन्य उपकरणों के जरिए आम जनता की जासूसी करने में तानाशाहों और लोकतांत्रिक सरकारों की मदद कर रही हैं।
असांजे ने मीडिया को बताया, आज हमने 287 फाइलें जारी की हैं, जो दुनिया भर में अवैध रूप से चल रहे जासूसी के धंधे की तस्वीर पेश करती हैं। 10 साल पहले इस उद्योग का आकार बहुत छोटा था। तब अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी एनएसए, ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी जीसीएचक्यू को ही खुफिया सूचनाएं दी जाती थीं। फिलहाल असांजे ने स्वीडन प्रत्यर्पित किए जाने के ब्रिटिश हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ शीर्ष अदालत में अपील दायर की है। सोमवार को इस मामले की सुनवाई होगी। उन पर स्वीडन में दो महिलाओं के साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न के आरोप हैं। लंदन में सिटी यूनिवर्सिटी में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जासूसी के इसी धंधे में पश्चिमी देशों को लीबिया, मिस्र और ट्यूनीशिया जैसे देशों की सूचनाएं बेची गई थीं। जिनका प्रयोग हत्या जैसे जघन्य अपराधों में भी किया जाता है। साभार : एएफपी





