करनाल : सेक्टर सात व आठ के मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिलों पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने पत्रकार को लूट लिया। बदमाश दो मोबाइल, नकद व पर्स लेकर जीटी रोड के रास्ते फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं चल पाया। लूट की शिकायत पुलिस को दी गई है।
दैनिक जागरण करनाल के संवाददाता मनोज चौधरी बृहस्पतिवार की रात कार्यालय से काम निपटा कर करीब साढ़े दस बजे सेक्टर आठ स्थित अपने आवास पर पैदल जा रहे थे। जैसे ही वह सेक्टर आठ-सात के मुख्य मार्ग से गुजर रहा था तो दूसरी ओर से दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक आए। तीन युवकों ने उसे पकड़ लिया, उसने विरोध किया तो एक युवक ने कनपटी पर पिस्तौल रखकर शोर न मचाने की धमकी दी। बदमाश उसके दो मोबाइल व पर्स लूट कर ले गए।
मनोज के अनुसार पर्स में 2500 रुपये नकद के अलावा पैन कार्ड, एटीएम व लाइसेंस आदि जरूरी कागजात थे। वारदात की सूचना उसने पुलिस के साथ अपने साथियों को भी दी। वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर नौ चौकी इंचार्ज रामभजन व पीसीआर मौके पर पहुंच गई। हरियाणा पत्रकार संघ के जिला प्रधान देवेंद्र गांधी व सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बदमाशों को जल्द काबू कर वारदात को सुलझाया जाए। साभार : जागरण





