: 2600 करोड़ की हेराफेरी का है आरोप : कानपुर से बड़ी खबर आ रही है. गोविंद नगर पुलिस ने रीजनल चैनल खबर भारती के मालिक पुष्पेंद्र सिंह बघेल को गिरफ्तार किया है. चिटफंड संचालित करने वाले बघेर पर आरोप है कि उसने व्यापारियों को तीन साल में दो गुना और चार साल में तीन गुना रकम देने का झांसा देकर 26 सौ करोड़ की ठगी की है. पुष्पेंद्र के अलावा धर्मेंद्र सिंह तोमर को भी अरेस्ट किया गया है. इनके पास से एक मर्सडीज गाड़ी भी बरामद हुई है.
पुलिस के मुताबिक कुछ समय पहले एक व्यापारी ने जयपुर से संचालित एक कंपनी द्वारा ठगी की शिकायत की थी. इसकी जांच एक आईपीएस अधिकारी कर रहे थे. मामला सही पाये जाने पर पुलिस ने मंगलवार सुबह सात बजे के करीब पुष्पेंद्र बघेल और धर्मेद्र सिंह तोमर को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से मर्सडीज बेंज आरजे 14 सीएम 7777 भी बरामद हुई है. दोनों से पूछताछ की जा रही है.
संभावना है कि पूछताछ में और भी कई बड़े खुलासे होंगे. इनके गिरोह में शहर के नामी गिरामी लोगों के साथ कुछ सफेदपोश भी जुड़े हैं. बताया जा रहा है कि 1986 बैच का एक आईएएस भी इस टीम में शामिल है. लाभ को देखते हुए उसने अपनी नौकरी छोड़ दी तथा अपने संबंधों तथा पद का हवाला देकर कई मामले सुलझाए हैं. वह मंगलवार को भी उसी पद की हनक दिखाकर आरोपियों को छोड़ने का दबाव बनाता रहा परन्तु पुलिस ने एक न सुनी.